उत्तर प्रदेशवाराणसी

दालमंडी चौड़ीकरण अभियान तेज, तीन मकानों पर चला प्रशासन का बुलडोजर

वाराणसी। शुक्रवार को दालमंडी क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण अभियान के तहत प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन मकानों को ध्वस्त करना शुरू कर दिया। कार्रवाई के दौरान मौके पर पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता के.के. सिंह स्वयं मौजूद रहे और पूरे अभियान की निगरानी करते नजर आए।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर थाना प्रभारी दिलीप मिश्रा के नेतृत्व में दर्जनों पुलिसकर्मी और सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर रहा। ध्वस्तीकरण के दौरान आसपास के इलाके को सील कर दिया गया और आम लोगों की आवाजाही पर अस्थायी रोक लगाई गई।

भारी पुलिस बल की मौजूदगी में बुलडोजर से एक-एक कर तीन भवनों को तोड़ा जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि यह कार्रवाई दालमंडी सड़क चौड़ीकरण परियोजना के अंतर्गत की जा रही है, जिससे भविष्य में यातायात व्यवस्था को और अधिक सुचारू बनाया जा सके।

इस कार्रवाई को लेकर स्थानीय लोगों में मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कुछ लोगों ने इसे विकास के लिए जरूरी कदम बताया, जबकि कुछ ने इसका विरोध भी जताया। फिलहाल मौके पर स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और प्रशासनिक कार्रवाई लगातार जारी है।

Related Articles

Back to top button