उत्तर प्रदेशचंदौली

दरोगा भर्ती परीक्षा: चंदौली के 11 केंद्र बने अभेद्य किला, 4,224 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा

नकल पर सख्त पहरा, 22 इंस्पेक्टर तैनात; केंद्रों के आसपास फोटोस्टेट और इंटरनेट कैफे की दुकानें बंद

रिपोर्ट: लारेंस सिंह

चंदौली जिले में उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की ओर से आयोजित दरोगा भर्ती परीक्षा को पारदर्शी और नकलविहीन कराने के लिए जिला प्रशासन ने कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं। जिले के 11 परीक्षा केंद्रों को अभेद्य किले में तब्दील कर दिया गया है, जहां चप्पे-चप्पे पर पुलिस और प्रशासन की पैनी नजर रहेगी।

जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि जिले में परीक्षा के लिए 11 शिक्षण संस्थानों को केंद्र बनाया गया है। इन केंद्रों पर कुल 4,224 अभ्यर्थी दो पालियों में परीक्षा देकर अपने भविष्य का फैसला करेंगे।

परीक्षा केंद्रों में महेंद्र टेक्निकल इंटर कॉलेज (चंदौली), जिला पंचायत बालिका इंटर कॉलेज (चंदौली), अशोक इंटर कॉलेज (बबुरी), राजकीय महिला महाविद्यालय (सैयदराजा), लाल बहादुर शास्त्री पीजी कॉलेज (मुगलसराय) और सकलडीहा पीजी कॉलेज (सकलडीहा) सहित अन्य संस्थान शामिल हैं।

नकल माफियाओं और सॉल्वर गैंग पर नकेल कसने के लिए पुलिस विभाग ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। प्रत्येक परीक्षा केंद्र की निगरानी के लिए 22 इंस्पेक्टर रैंक के पुलिस अधिकारियों को तैनात किया गया है, जो पूरे परीक्षा अवधि के दौरान सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करेंगे।

इसके साथ ही परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए केंद्रों के आसपास स्थित फोटो स्टेट और इंटरनेट कैफे की दुकानों को परीक्षा अवधि तक बंद रखने का निर्देश दिया गया है। अभ्यर्थियों को सघन तलाशी और बायोमेट्रिक जांच के बाद ही परीक्षा केंद्रों में प्रवेश दिया जा रहा है।

जिला प्रशासन ने सभी केंद्र व्यवस्थापकों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मजिस्ट्रेट स्तर के अधिकारी लगातार परीक्षा केंद्रों का भ्रमण कर व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न हो सके।

Related Articles

Back to top button