उत्तर प्रदेशचंदौली

तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से सेना भर्ती की तैयारी कर रहे युवक की मौत

चंदौली के सकलडीहा मार्ग पर हादसा, वाराणसी ट्रामा सेंटर में तोड़ा दम; परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

रिपोर्ट: लारेंस सिंह

चंदौली जिले के सकलडीहा-चंदौली मार्ग पर गुरुवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में सेना भर्ती की तैयारी कर रहे 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद युवक को गंभीर हालत में वाराणसी के ट्रामा सेंटर भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

जानकारी के अनुसार, बलुआ थाना क्षेत्र के नौदर गांव निवासी रोहित राजभर रोज की तरह अपने दो दोस्तों के साथ सुबह दौड़ लगाने निकला था। अम्बेडकर बस्ती के आगे सत्ती माता तालाब के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार और अनियंत्रित पिकअप ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।

टक्कर इतनी भीषण थी कि रोहित गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। स्थानीय लोगों और साथियों की मदद से उसे तत्काल सकलडीहा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल और फिर वाराणसी के बीएचयू ट्रामा सेंटर रेफर किया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

रोहित सेना और पुलिस में भर्ती होने का सपना देख रहा था और रोजाना कड़ी मेहनत कर रहा था। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। दो साल पहले ही उसकी मां का निधन हो चुका था, जबकि पिता और बड़ा भाई दिल्ली में मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं।

घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। ग्रामीणों ने फरार पिकअप चालक की जल्द गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी वाहन की तलाश में जुटी है।

Related Articles

Back to top button