उत्तर प्रदेशचंदौली

ड्राइवर ने ही रची लूट की साजिश, पुलिस ने 4 आरोपियों को किया गिरफ्तार

मुगलसराय पुलिस और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में घटना का खुलासा, नकदी व सामान बरामद

चंदौली। मुगलसराय थाना क्षेत्र में लूट की घटना का पुलिस ने सफल अनावरण करते हुए चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में थाना मुगलसराय पुलिस और स्वाट/सर्विलांस टीम ने संयुक्त रूप से काम किया।

पुलिस के अनुसार 2 अप्रैल 2026 को पीड़ित रविंद्र कुमार और रोहित सिंह गोरखपुर से धान बेचकर लौट रहे थे। इसी दौरान रात करीब 1 बजे कुरहना ओवरब्रिज के पास तीन अज्ञात बदमाशों ने धारदार हथियार के बल पर हमला कर उनसे 45 हजार रुपये नगद, मोबाइल फोन और सोने का लॉकेट लूट लिया था।

मामले की जांच के दौरान चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि इस पूरी वारदात की साजिश वाहन चालक रोहित पटेल ने ही रची थी। उसने अपने साथियों के साथ मिलकर पहले से योजना बनाई और रास्ते में वाहन रुकवाकर लूट की घटना को अंजाम दिलवाया। शक से बचने के लिए आरोपियों ने ड्राइवर के साथ भी हल्की मारपीट कर घटना को वास्तविक दिखाने की कोशिश की।

पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देश पर गठित टीम ने 5 अप्रैल को इंडियन इंस्टीट्यूट कॉलोनी स्थित नाचघर मैदान के पास से चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 23 हजार रुपये नगद, दो मोबाइल फोन, एक पीली धातु का लॉकेट, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और एक अवैध तलवार बरामद की गई।

गिरफ्तार अभियुक्तों में विपिन कुमार सिंह, रोहित पटेल, आकाश सिंह और विशाल पटेल शामिल हैं, जो मिर्जापुर जनपद के रहने वाले हैं। पुलिस ने मामले में संबंधित धाराओं में वृद्धि करते हुए आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि लूट की शेष धनराशि के बंटवारे के दौरान ही सभी आरोपियों को धर दबोचा गया। इस खुलासे के बाद क्षेत्र में पुलिस की कार्रवाई की सराहना की जा रही है।

Related Articles

Back to top button