उत्तर प्रदेशचंदौली

डेरवा में उमड़ा सनातन जनसैलाब, प्रवीण तोगड़िया के संबोधन से जागा हिन्दू स्वाभिमान

चंदौली के बलुआ क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय हिन्दू परिषद व बजरंग दल के संयुक्त तत्वावधान में हुआ भव्य हिन्दू सम्मेलन, बड़ी संख्या में साधु-संत और ग्रामीण रहे मौजूद

रिपोर्ट: गणपत राय

चंदौली। बलुआ थाना क्षेत्र के डेरवा गांव में गुरुवार को सनातन चेतना और हिन्दू स्वाभिमान की गूंज सुनाई दी। अंतरराष्ट्रीय हिन्दू परिषद, राष्ट्रीय महिला परिषद एवं राष्ट्रीय बजरंग दल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित भव्य हिन्दू सम्मेलन में श्रद्धालुओं, कार्यकर्ताओं, साधु-संतों और ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ी।

सम्मेलन को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल रहा। सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए आयोजन स्थल और आसपास के इलाकों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि हिन्दू हृदय सम्राट, राम मंदिर आंदोलन के प्रमुख नायक एवं प्रख्यात कैंसर सर्जन प्रवीण भाई तोगड़िया का आयोजकों द्वारा अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर भव्य स्वागत किया गया।

कार्यक्रम की अगुवाई कर रहे अंतरराष्ट्रीय हिन्दू परिषद के जिलाध्यक्ष कौलेश्वर पाण्डेय और राष्ट्रीय बजरंग दल के जिलाध्यक्ष राजकुमार पाण्डेय ने राम मंदिर आंदोलन से जुड़े सभी साधु-संतों, कारसेवकों और सनातनियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उनके संघर्ष और बलिदान को नमन किया।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रवीण भाई तोगड़िया ने कहा कि राम मंदिर केवल एक भवन नहीं, बल्कि दशकों के संघर्ष, त्याग और संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि 1979 में आंदोलन की घोषणा हुई और 1990 के दशक में कारसेवा के दौरान संघर्ष अपने चरम पर पहुंचा। उस दौर में गांव-गांव जाकर हिन्दू समाज को जागरूक करने का कार्य किया गया। उन्होंने कहा कि “दिल में जज्बा हो तो कुछ भी असंभव नहीं है, आज अयोध्या में खड़ा भव्य राम मंदिर उसी जज्बे का परिणाम है।”

तोगड़िया ने समाज से आह्वान किया कि गांव-गांव, गली-गली हनुमान चालीसा, हर-हर महादेव और सनातन संस्कृति की गूंज को और मजबूत किया जाए तथा हिन्दू समाज संगठित होकर अपनी परंपरा और मूल्यों की रक्षा करे।

हिमाचल प्रदेश से आईं राष्ट्रीय महिला परिषद की प्रतिनिधि रजनी बहन ने कहा कि हिन्दू समाज के जागरण और संगठन से ही राष्ट्र और समाज का कल्याण संभव है। उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा, गौ-संरक्षण और सामाजिक मूल्यों की रक्षा पर जोर देते हुए हिन्दू हेल्पलाइन के माध्यम से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

इस अवसर पर भाजपा नेता सूर्यमुनि तिवारी, डॉ. विवेक जायसवाल, गंगा सेवा समिति के अध्यक्ष दीपक जायसवाल, संकठा राजभर, दीनानाथ पाण्डेय, रामप्यारे पाण्डेय, लवकुश, शिवम दुबे, डॉ. राधाकांत पाठक सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन राजेन्द्र पाण्डेय ने किया।

सम्मेलन के समापन पर राष्ट्र, धर्म और समाज की एकता व सुरक्षा तथा सनातन संस्कृति के संरक्षण का संकल्प लिया गया। पूरे आयोजन के दौरान जय श्रीराम, हर-हर महादेव और हिन्दू एकता के नारों से वातावरण गूंजता रहा, जिससे डेरवा गांव और आसपास का क्षेत्र पूरी तरह सनातन चेतना से ओत-प्रोत नजर आया।

Related Articles

Back to top button