उत्तर प्रदेशचंदौली

डंपर के कहर ने छीनी बुजुर्ग की जिंदगी, भटौली में आक्रोश, सड़क जाम

चकिया-मुगलसराय मार्ग पर तेज रफ्तार डंपर ने 70 वर्षीय बुजुर्ग को रौंदा, मौके पर मौत; मुआवजे और कार्रवाई की मांग को लेकर ग्रामीणों ने लगाया जाम

रिपोर्ट: लारेंस सिंह

चंदौली जनपद के बबुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत चकिया-मुगलसराय मार्ग पर सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 70 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। भटौली (बिठवल) गांव निवासी नरेंद्र कुमार झा साइकिल से किसी कार्यवश जा रहे थे, तभी चकिया की ओर से आ रहे मिट्टी लदे तेज रफ्तार डंपर ने उन्हें कुचल दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने भाग रहे डंपर चालक को पकड़ लिया और शव को सड़क पर रखकर चकिया-मुगलसराय मार्ग को जाम कर दिया। ग्रामीणों ने मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि जब तक जिलाधिकारी मौके पर आकर आश्वासन नहीं देंगे, तब तक जाम नहीं हटाया जाएगा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करने का प्रयास किया जा रहा है।

इस घटना के बाद प्रशासन पर भी सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस मार्ग पर डंपर और भारी वाहन तेज रफ्तार में दौड़ते हैं, जिससे आए दिन हादसे होते रहते हैं। परिवहन विभाग द्वारा समय-समय पर सुरक्षा बैठकों के बावजूद स्थिति में सुधार नहीं हो रहा है, जिससे ग्रामीणों में गहरा रोष व्याप्त है।

Related Articles

Back to top button