ट्रोजन APK से 42.50 लाख की साइबर ठगी करने वाला गैंग बेनकाब, सरगना समेत 5 गिरफ्तार
वाराणसी साइबर क्राइम की टीम ने धनबाद (झारखंड) से दबोचा गिरोह, मोबाइल, नकदी और बिना नंबर की कार बरामद
वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट की साइबर क्राइम टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ट्रोजन और SMS फॉरवर्डर आधारित APK फाइल के जरिए 42,50,000 रुपये की साइबर ठगी करने वाले गैंग का खुलासा किया है। पुलिस ने गिरोह के सरगना समेत कुल पांच साइबर अपराधियों को धनबाद, झारखंड से गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से मुकदमे से संबंधित इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, चार पहिया वाहन और नकदी बरामद की गई है।
प्रेस नोट के अनुसार, 8 दिसंबर 2025 को पीड़ित मदन मोहन मिश्रा, निवासी तिवारीपुर थाना चौबेपुर, ने थाना साइबर क्राइम वाराणसी में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके बैंक खाते को हैक कर 42,50,000 रुपये की ठगी कर ली गई है। इस मामले में थाना साइबर क्राइम में मुकदमा संख्या 0046/2025 धारा 318(4) BNS व 66D IT Act तथा बढ़ोत्तरी धाराएं 61(2), 317(2), 338, 336(3), 340(2) BNS के तहत पंजीकृत किया गया। मामले की विवेचना प्रभारी निरीक्षक उदयबीर सिंह द्वारा की जा रही थी।
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल के निर्देशन में गठित टीम ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और डिजिटल फुटप्रिंट के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए धनबाद में दबिश दी और पांच शातिर साइबर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया।
बरामद सामान में शामिल:
04 एंड्रॉयड मोबाइल फोन
01 सिम कार्ड
02 नोटिस 41A सीआरपीसी (दिल्ली पुलिस)
01 मुखिया की मोहर व लेटर पैड
05 ब्लैंक आधार अपडेशन फॉर्म
01 बिना नंबर की ब्रेजा कार
66,000 रुपये नगद
अपराध का तरीका:
गिरफ्तार आरोपी सबसे पहले ट्रोजन व SMS फॉरवर्डर आधारित APK फाइल भेजकर पीड़ित के मोबाइल का एक्सेस हासिल करते थे। इसके बाद इंटरनेट बैंकिंग यूजर आईडी, पासवर्ड और OTP चोरी कर बैंक खातों में अनधिकृत प्रवेश कर लेते थे। खातों से रकम को ‘म्यूल बैंक अकाउंट’ में ट्रांसफर कर नकदी निकाल ली जाती थी।
इसके अलावा आरोपी ग्राम प्रधान के फर्जी लेटर पैड, मुहर और आधार अपडेशन फॉर्म का अवैध इस्तेमाल कर लोगों के आधार कार्ड में पता बदलवाते थे। उन्हीं आधार कार्ड के जरिए विभिन्न बैंकों में खाते खुलवाकर साइबर अपराध में उनका उपयोग किया जाता था।
गिरफ्तार अभियुक्तों में शामिल:
शमीम अंसारी (32 वर्ष), निवासी कालाडावर, थाना गोविंदपुर, धनबाद, झारखंड
फकरुद्दीन उर्फ निरंजन पत्र उर्फ छोटू मियां (50 वर्ष), निवासी कालाडावर, थाना गोविंदपुर, धनबाद, झारखंड
(अन्य अभियुक्तों का विवरण पुलिस द्वारा विधिक प्रक्रिया के तहत जारी किया जाएगा)
पुलिस द्वारा आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा गिरोह के अन्य संभावित सदस्यों की तलाश जारी है।



