जनता दर्शन में जिलाधिकारी ने सुनीं जन शिकायतें, त्वरित निस्तारण के दिए सख्त निर्देश
जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार बोलें- जनता की समस्याओं का समयबद्ध और पारदर्शी समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता

वाराणसी/29 दिसम्बर, 2025। जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार ने सोमवार को आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि जन शिकायतों का त्वरित, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि जनता की समस्याओं का समयबद्ध और पारदर्शी समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे प्रत्येक कार्यदिवस में प्रातः 10 बजे से 12 बजे तक अपने कार्यालयों में स्वयं जनसुनवाई करें और प्राप्त शिकायतों का मौके पर निस्तारण कराना सुनिश्चित करें।
इसके साथ ही जिलाधिकारी ने आईजीआरएस एवं मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई से जुड़ी शिकायतें सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल हैं और सभी अधिकारी इन्हें गंभीरता से लेते हुए समय सीमा के भीतर निस्तारित करें।



