जंगली सुअर का कहर: अधेड़ किसान की हमले में मौत, गांव में दहशत
मवेशियों को चारा डालने गए मजदूर किसान पर जंगली सुअर ने किया हमला, अत्यधिक रक्तस्राव से गई जान; इलाके में सुअरों के आतंक से ग्रामीण भयभीत
रिपोर्ट: गणपत राय
चंदौली जिले के बबुरी थाना क्षेत्र के जलखोर गांव में जंगली सुअर के हमले से एक अधेड़ किसान की दर्दनाक मौत हो गई। घटना उस समय हुई जब गांव निवासी हर मंगल बियार (55) सुरेंद्र सिंह के घर मवेशियों को चारा डालने गए थे। इसी दौरान अचानक जंगली सुअर ने उन पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
हमले में किसान के शरीर से अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा। परिजन और ग्रामीण आनन-फानन में उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही बबुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चंदौली जिला अस्पताल भेज दिया।
इस मामले में बबुरी प्रभारी निरीक्षक विनोद मिश्रा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
ग्रामीणों में दहशत, प्रशासन से कार्रवाई की मांग
जलखोर गांव सहित आसपास के इलाकों में इन दिनों जंगली सुअरों का आतंक बढ़ता जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि सुअर न सिर्फ फसलों को भारी नुकसान पहुंचा रहे हैं, बल्कि लोगों पर भी हमला कर रहे हैं। अजय सिंह, पिंटू सिंह और संतोष बियार सहित अन्य किसानों ने बताया कि फसलों की सुरक्षा के लिए उन्हें रात-रात भर खेतों में पहरा देना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जंगली सुअरों की धरपकड़ कर उन्हें गांव और खेतों से दूर सुरक्षित स्थानों पर छोड़ा जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।



