छह महीने की नौकरी और चली गई जान, ट्रेन हादसे में आरपीएफ दरोगा की मौत
मानसनगर के पास मुंबई मेल से गिरने से हुआ हादसा, बिहार के रफीगंज में तैनात थे दरोगा विशाल तिवारी
रिपोर्ट: गणपत राय
चंदौली। अलीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत मानसनगर के पास सोमवार–मंगलवार की रात एक दर्दनाक रेल हादसे में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के एक दरोगा की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। इस घटना से पुलिस महकमे और रेलवे विभाग में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मऊ जिले के जखनियां निवासी विशाल तिवारी (28) वर्तमान में बिहार के रफीगंज में आरपीएफ दरोगा पद पर तैनात थे। वह प्रशिक्षण पूरा करने के बाद करीब छह माह से सेवा में थे। बताया जा रहा है कि वह मुंबई मेल से ड्यूटी पर जा रहे थे। इसी दौरान मानसनगर के पास वह ट्रेन से गिर पड़े, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
हादसा रात करीब दो बजे के आसपास हुआ। सूचना मिलते ही आरपीएफ और अलीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दी गई, जिसके बाद परिवार के लोग भी मौके पर पहुंच गए।
अलीनगर के प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार पाण्डेय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। जवान की असामयिक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।



