चेकिंग में 3970 डिब्बी अवैध दवा बरामद, बिहार का एक आरोपी गिरफ्तार
मुजफ्फरनगर से मंगाकर लगाता था फर्जी लेबल, अधिक कीमत पर बेचने की थी तैयारी
रिपोर्ट: गणपत राय
चंदौली। सदर कोतवाली पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए 3970 डिब्बी अवैध औषधि बरामद कर एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई निर्माणाधीन ओवरब्रिज के पास नवीन मंडी से बिहार की ओर जाने वाले मार्ग पर की गई।
प्रभारी निरीक्षक विजय बहादुर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में सघन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति अवैध दवाओं की खेप लेकर बिहार की ओर जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने मोटरसाइकिल संख्या BR 24 AQ 4691 को रोककर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान चार प्लास्टिक की बोरियों से कुल 3970 डिब्बी दवा बरामद हुई। प्रत्येक डिब्बी में 40 टैबलेट पाई गईं। बरामद दवाओं पर “NEW ORTHO POWER original tablets HOMOEO MEDICINE” का लेबल लगा था। पुलिस ने मौके से एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी कब्जे में लिया है।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान शमशेर आलम (38 वर्ष) पुत्र नसीरुद्दीन निवासी ग्राम पारसथूआ, थाना कोचस, जिला रोहतास (बिहार) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह मुजफ्फरनगर से दवाएं मंगाकर उन पर कूटरचित लेबल और स्टीकर लगाता था तथा उन्हें अधिक कीमत पर बेचता था।
गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर सदर कोतवाली में धारा 319(2), 318(4), 338, 336(3), 340(2) BNS के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।



