चहनियां ब्लॉक में प्री-मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव एवं सिविल जज डॉ. इंदु रानी ने किया विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण

रिपोर्ट: गणपत राय
चहनियां। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ एवं माननीय जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, चंदौली के निर्देशन में मंगलवार को चहनियां ब्लॉक सभागार में ब्लॉक स्तरीय प्री-मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में स्वास्थ्य, शिक्षा, पंचायत सहित लगभग 25 विभागों के स्टॉल लगाए गए, जिनका निरीक्षण जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव एवं सिविल जज डॉ. इंदु रानी ने किया।
ब्लॉक सभागार में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए डॉ. इंदु रानी ने कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का उद्देश्य आम जनता की समस्याओं का समाधान उनके नजदीक जाकर करना है, ताकि लोगों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने बताया कि इस शिविर के माध्यम से निर्धन वर्ग, दिव्यांगजन, महिलाएं, बच्चे, श्रमिक, अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के लोगों को विभिन्न सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि विधिक सेवा को प्रभावी बनाने के लिए पहले प्रत्येक तहसील में ब्लॉक मुख्यालय से दूरस्थ पांच गांवों का चयन किया जाएगा, इसके बाद हर ब्लॉक के पांच गांवों को शामिल किया जाएगा। तहसील क्षेत्र के मझीलेपुर, जमालपुर और टांडा कला का चयन किया गया है। निरीक्षण के दौरान सेवड़ी हुदहुदीपुर गांव में विकास कार्यों को देखते हुए उन्होंने खंड विकास अधिकारी को निर्देश दिया कि गांव में विधिक सेवा के लिए एक अलग कार्यालय खोला जाए।
डॉ. इंदु रानी ने यह भी बताया कि आगामी 22 फरवरी को पॉलिटेक्निक चंदौली में बृहद स्तर पर विधिक सेवा शिविर का आयोजन किया जाएगा, जिसमें पारिवारिक विवादों एवं अन्य समस्याओं का निस्तारण किया जाएगा।
इस अवसर पर अमित कुमार दूबे, खंड विकास अधिकारी राजेश नायक, प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. रितेश कुमार, पशु चिकित्साधिकारी मुशवर अली, एडीओ ग्राम विकास नित्यानंद सिंह, एडीओ पंचायत राजेश सिंह, ग्राम पंचायत अधिकारी आनंद यादव, जागृति यादव सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।



