चलती ट्रेन के नीचे फंसा यात्री, रेलकर्मी की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर नीलांचल एक्सप्रेस के नीचे गिरा युवक, पेट के बल लेटकर बचाई जान; रेलकर्मी और सुरक्षा बलों की तत्परता से सुरक्षित निकाला गया

रिपोर्ट: लारेंस सिंह
चंदौली। दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर रविवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक यात्री चलती ट्रेन के नीचे गिर गया, लेकिन सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई से उसकी जान बच गई।
रात करीब 10 बजे नीलांचल एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म नंबर तीन से रवाना हो रही थी। इसी दौरान एक यात्री अचानक संतुलन खो बैठा और ट्रैक पर गिर गया। ट्रेन धीरे-धीरे रफ्तार पकड़ रही थी और युवक पहियों के बेहद करीब था, जिससे मौके पर मौजूद लोगों की सांसें थम गईं।
तभी प्लेटफॉर्म नंबर दो पर ड्यूटी कर रहे मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक अक्षय कुमार की नजर उस यात्री पर पड़ी। उन्होंने बिना देर किए जोर से चिल्लाकर युवक को निर्देश दिया कि वह बिल्कुल न हिले और पेट के बल लेटा रहे। युवक ने उनकी बात मान ली, जिससे उसकी जान बच गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए मौके पर मौजूद आरपीएफ और जीआरपी के जवान तुरंत सक्रिय हो गए और ट्रेन में चढ़कर चेन पुलिंग की। ट्रेन रुकते ही सुरक्षा कर्मियों ने युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
बचाए गए यात्री की पहचान वीरेंद्र कुमार, निवासी मोतिहारी (बिहार) के रूप में हुई है। उसने बताया कि धक्का लगने के कारण वह नीचे गिर गया था, हालांकि कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने अलग आशंका भी जताई है।
आरपीएफ निरीक्षक प्रदीप कुमार रावत के मुताबिक, रेलकर्मियों और सुरक्षा बलों की सतर्कता से एक बड़ा हादसा टल गया। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।



