चकिया के लतीफ शाह बीयर बांध में दर्दनाक हादसा, पिकनिक मनाने आए तीन युवक डूबे
एक युवक को बचाया गया, जबकि 19 वर्षीय समीर और 16 वर्षीय एकलाख लापता; गोताखोरों की टीम सर्च ऑपरेशन में जुटी, सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल

रिपोर्ट: लारेंस सिंह
चकिया स्थित लतीफ शाह बीयर बांध पर शनिवार को बड़ा हादसा हो गया, जब पिकनिक मनाने आए तीन युवक गहरे पानी में डूब गए। स्थानीय लोगों की तत्परता से एक युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उसकी हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।
वहीं, हादसे में लापता हुए युवकों की पहचान 19 वर्षीय समीर और 16 वर्षीय एकलाख (निवासी अलाऊगल्ली, सकलडीहा) के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचा और गोताखोरों की टीम द्वारा देर शाम तक सर्च ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन दोनों युवकों का कोई सुराग नहीं मिल सका।
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है। ग्रामीणों का आरोप है कि यह क्षेत्र पहले से ही खतरनाक माना जाता है, बावजूद इसके प्रशासन की ओर से न तो चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं और न ही पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं।



