उत्तर प्रदेशचंदौली

चंदौली हाईवे पर कट बंद होते ही बेकाबू हालात, अलीनगर में 15 मिनट में दो बड़े हादसे

अवैध कट बंद करने के बाद रॉन्ग साइड बना जानलेवा, बाइक सवार गंभीर, गिट्टी लदा डंपर पलटा

रिपोर्ट: गणपत राय

चंदौली में सड़क सुरक्षा के नाम पर हाईवे के अवैध कट बंद किए जाने के बाद हालात उलट नजर आ रहे हैं। अलीनगर थाना क्षेत्र में शनिवार को महज 15 मिनट के भीतर दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाएं हुईं, जिसने प्रशासन और नेशनल हाईवे अथॉरिटी के दावों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

पहली घटना जन्सो मड़ई गांव के पास हुई, जहां मुगलसराय से चंदौली की ओर जा रहे बाइक सवार बसंत लाल (निवासी वाराणसी) को रॉन्ग साइड से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और बसंत लाल गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर किया। हादसे के बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।

इसके ठीक 15 मिनट बाद उसी क्षेत्र में गिट्टी लदा एक डंपर अनियंत्रित होकर पलट गया। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन हाईवे पर यातायात बाधित हो गया और अफरा-तफरी मच गई।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि कट बंद तो कर दिए गए हैं, लेकिन वैज्ञानिक और सुरक्षित विकल्प नहीं दिए गए। मजबूरी में वाहन चालक रॉन्ग साइड से चल रहे हैं, जो लगातार हादसों का कारण बन रहा है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि हाईवे पर सुरक्षित यू-टर्न और सर्विस रोड की व्यवस्था तत्काल की जाए, ताकि जान-माल की हानि रोकी जा सके।

अलीनगर थाना प्रभारी अनिल पांडेय ने बताया कि दोनों घटनाओं की जांच की जा रही है और फरार डंपर चालक की तलाश जारी है।

Related Articles

Back to top button