चंदौली में ‘SDM vs SDM’ विवाद गरमाया: दामाद पर केस के बाद सास पहुंची थाने, बहू के खिलाफ मुकदमे की मांग
दो प्रशासनिक अधिकारियों के पारिवारिक विवाद ने पकड़ा तूल, अलीनगर थाने में घंटों हंगामा; पुलिस संवेदनशीलता को देखते हुए सतर्क

रिपोर्ट: लारेंस सिंह
चंदौली में तैनात दो एसडीएम अधिकारियों के बीच चल रहा पारिवारिक विवाद अब पुलिस तक पहुंच गया है। शनिवार शाम अलीनगर थाना परिसर में उस समय हलचल तेज हो गई, जब एक एसडीएम की मां कई वकीलों के साथ अपनी ही बहू, जो खुद भी एसडीएम पद पर तैनात हैं, के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने पहुंचीं।
जानकारी के मुताबिक, जिले में तैनात एसडीएम पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है। मामला उस वक्त और गंभीर हो गया, जब महिला एसडीएम के पिता ने प्रतापगढ़ में अपने दामाद, उनकी मां और बहनों के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज कराया।
इस कार्रवाई के बाद अब पति पक्ष की ओर से भी जवाबी कदम उठाया गया है। शनिवार को एसडीएम की मां ने वकीलों के साथ अलीनगर थाने पहुंचकर अपनी बहू पर कई गंभीर आरोप लगाए और मुकदमा दर्ज करने की मांग की।
दोनों पक्षों के आमने-सामने आने से मामला अब सिर्फ पारिवारिक विवाद तक सीमित नहीं रहा, बल्कि प्रशासनिक साख से भी जुड़ गया है। थाने में घंटों गहमागहमी का माहौल बना रहा।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस फिलहाल बेहद सतर्कता से कदम उठा रही है। उच्च अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद भी अभी तक किसी पक्ष पर सीधी कार्रवाई नहीं की गई है।



