चंदौली में 4 स्कूलों की बड़ी लापरवाही, 8वीं की मान्यता पर चला रहे थे 12वीं तक की कक्षाएं
डीएम के निर्देश पर बीएसए के निरीक्षण में खुलासा, बिना मान्यता पढ़ाई कराने वाले स्कूलों पर कार्रवाई तय

रिपोर्ट: गणपत राय
चंदौली जनपद में शिक्षा व्यवस्था को लेकर बड़ी अनियमितता सामने आई है। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग के निर्देश पर 11 अप्रैल 2026 को बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार द्वारा सदर विकास खंड के पांच मान्यता प्राप्त विद्यालयों का आकस्मिक निरीक्षण किया गया, जिसमें चार स्कूलों में गंभीर गड़बड़ी पाई गई।
निरीक्षण के दौरान आलोक इंटर कॉलेज, चंदौली में सभी व्यवस्थाएं मानक के अनुरूप पाई गईं। विद्यालय को कक्षा 1 से 12 तक की मान्यता प्राप्त है और उसी के अनुसार संचालन किया जा रहा था।
हालांकि तपोवन विद्यालय, फोनिक्स स्कूल, इंडियन पब्लिक स्कूल और सूर्या जूनियर हाई स्कूल में अनियमितताएं उजागर हुईं। इन विद्यालयों को केवल कक्षा 1 से 8 तक की मान्यता प्राप्त है, लेकिन मौके पर कक्षा 9 से 10 और 9 से 12 तक की कक्षाएं संचालित होती पाई गईं।
जब इस संबंध में विद्यालय प्रबंधन से जवाब मांगा गया तो वे संतोषजनक स्पष्टीकरण नहीं दे सके। वहीं छात्रों से पूछताछ में सामने आया कि उनका नामांकन किसी अन्य मान्यता प्राप्त विद्यालय में है, लेकिन वे पढ़ाई इन अवैध रूप से संचालित कक्षाओं में कर रहे थे।
बेसिक शिक्षा अधिकारी ने चारों विद्यालयों को कड़े निर्देश दिए हैं कि वे केवल मान्यता प्राप्त कक्षाओं का ही संचालन करें। साथ ही इन सभी स्कूलों को नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
प्रशासन ने साफ कर दिया है कि भविष्य में यदि बिना मान्यता के कक्षाएं संचालित पाई जाती हैं तो संबंधित विद्यालयों के खिलाफ सख्त कानूनी और विभागीय कार्रवाई की जाएगी।



