चंदौली में 12 घंटे के भीतर दो हादसे, दो युवकों की मौत से मचा हड़कंप
अलीनगर क्षेत्र में ट्रैक्टर-ऑटो टक्कर में एक की मौत, नहर में मिला युवक का शव; पुलिस जांच में जुटी

रिपोर्ट: लारेंस सिंह
चंदौली जिले के अलीनगर थाना क्षेत्र में बुधवार शाम और गुरुवार सुबह दो अलग-अलग घटनाओं में दो युवकों की मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। लगातार सामने आई इन घटनाओं के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है और मामलों की जांच शुरू कर दी है।
पहली घटना बुधवार देर शाम करीब 8:30 बजे संघति गांव के पास हुई। पुलिस के मुताबिक, तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने एक ऑटो को टक्कर मार दी, जिससे ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। इस हादसे में ऑटो में सवार करीब 50 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई।
इस दुर्घटना में ऑटो में सवार लगभग आधा दर्जन अन्य यात्री भी घायल हो गए। घायलों को तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां सभी की हालत फिलहाल सामान्य बताई जा रही है।
मृतक की जेब से रायबरेली से मुगलसराय तक का रेलवे टिकट बरामद हुआ है। पुलिस को आशंका है कि मृतक रायबरेली का निवासी था और मुगलसराय स्टेशन से ऑटो पकड़कर सकलडीहा जा रहा था। फिलहाल पुलिस उसकी पहचान कराने में जुटी है।
वहीं दूसरी घटना गुरुवार सुबह बरहुली गांव के पास सामने आई, जहां ग्रामीणों ने रजवाहा (नहर) में एक युवक का शव तैरता देखा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाया। मृतक की पहचान रेवसा गांव निवासी 30 वर्षीय चंदन के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या या हादसे का प्रतीत हो रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि चंदन नशे का आदी था। आशंका जताई जा रही है कि वह नशे की हालत में पुल से गिर गया और डूबने से उसकी मौत हो गई। हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की असली वजह सामने आएगी।
अलीनगर थाना प्रभारी अनिल कुमार पांडेय ने बताया कि दोनों मामलों में पुलिस गहराई से जांच कर रही है और जल्द ही स्थिति स्पष्ट की जाएगी।



