उत्तर प्रदेशचंदौली

चंदौली में राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग सदस्य की जनसुनवाई, शिक्षा और कल्याणकारी योजनाओं पर दिए निर्देश

सत्येन्द्र कुमार बारी ने अधिकारियों को योजनाओं के प्रचार-प्रसार और बच्चों को स्कूल से जोड़ने पर जोर दिया

रिपोर्ट: गणपत राय

चंदौली, 24 फरवरी 2026। उत्तर प्रदेश राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य सत्येन्द्र कुमार बारी (बीनू) ने जनपद भ्रमण के दौरान जनसुनवाई कर लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के समुचित और जल्द निस्तारण के निर्देश दिए। जनसुनवाई के बाद पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में प्रेस वार्ता भी आयोजित की गई।

प्रेस वार्ता के दौरान आयोग सदस्य ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी से कहा कि सरकार की मंशा के अनुरूप हर बच्चे तक शिक्षा पहुंचाना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने विशेष रूप से पिछड़े वर्ग के बच्चों सहित सभी विद्यार्थियों को स्कूलों से जोड़ने और शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर बनाने पर जोर दिया।

उन्होंने अभिभावकों को सरकारी स्कूलों में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जागरूक करने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि आज सरकारी स्कूलों में हाई-टेक व्यवस्था, स्मार्ट क्लास, साफ-सफाई, खेलकूद के मैदान, गुणवत्तापूर्ण मध्यान्ह भोजन और शुद्ध पेयजल जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। ऐसे में अभिभावकों को अपने बच्चों को सरकारी स्कूलों में भेजने के लिए प्रेरित किया जाना चाहिए।

सत्येन्द्र कुमार बारी ने बताया कि वर्तमान समय में स्कूलों में पर्याप्त शिक्षक मौजूद हैं और शिक्षा की गुणवत्ता में भी सुधार हुआ है। इसके साथ ही सरकार द्वारा संचालित अभ्युदय कोचिंग सेंटर के माध्यम से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों को भी लाभ मिल रहा है।

उन्होंने ‘आयोग आपके द्वारा’ अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि आयोग गांव-गांव जाकर लोगों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक कर रहा है और योजनाओं की जानकारी दे रहा है।

आयोग सदस्य ने जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी और जिला दिव्यांगजन अधिकारी को निर्देश दिए कि वे अपने विभागों की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करें, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक इन योजनाओं का लाभ पहुंच सके।

Related Articles

Back to top button