चंदौली में बढ़ते अपराध पर सपा सांसद वीरेंद्र सिंह का हमला, कहा– जिले की कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त
भाजपा सरकार पर लगाए गंभीर आरोप, भारतमाला परियोजना की गुणवत्ता पर भी उठाए सवाल
रिपोर्ट: गणपत राय
चंदौली। समाजवादी पार्टी के सांसद वीरेंद्र सिंह ने शनिवार को नगर पंचायत अध्यक्ष सुनील यादव ‘गुड्डु’ के आवास पर आयोजित प्रेस वार्ता में जनपद की कानून व्यवस्था और बढ़ते अपराध को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि चंदौली जिले में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है और आम जनता खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है।
सांसद वीरेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि जिले में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और उन्हें पुलिस व प्रशासन का कोई भय नहीं रह गया है। उनका कहना था कि अपराधियों को सरकार का संरक्षण प्राप्त है, जिसके कारण जनपद में लगातार अपराध की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। ऐसे माहौल में आम नागरिकों को न्याय मिलना दिन-ब-दिन मुश्किल होता जा रहा है।
प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने बिहार की राजनीति का भी जिक्र किया। सांसद ने कहा कि भाजपा सरकार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को भी समाप्त करने की रणनीति पर काम कर रही है। उनका आरोप था कि भाजपा अपनी राजनीतिक रणनीति के तहत पहले अन्य दलों के साथ गठबंधन करती है और बाद में उन्हें कमजोर कर खत्म करने की कोशिश करती है।
इसके अलावा उन्होंने केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी भारतमाला परियोजना पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि भारतमाला सड़क परियोजना के अंतर्गत कई स्थानों पर सड़कों का निर्माण निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं किया जा रहा है। इससे भविष्य में सड़क की गुणवत्ता और सुरक्षा पर गंभीर प्रभाव पड़ सकता है।
सांसद ने कहा कि विकास योजनाओं में गुणवत्ता और पारदर्शिता बनाए रखना सरकार की जिम्मेदारी है। यदि निर्माण कार्य मानकों के अनुसार नहीं होता है तो इसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ता है।



