उत्तर प्रदेशचंदौली

चंदौली में पेट्रोल-डीजल की किल्लत की खबरें अफवाह, प्रशासन अलर्ट मोड में

एडीएम और एएसपी ने पेट्रोल पंपों का किया औचक निरीक्षण, कहा—पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध, कालाबाजारी पर होगी सख्त कार्रवाई

रिपोर्ट: लारेंस सिंह

चंदौली जिले में पेट्रोल और डीजल की कथित किल्लत को लेकर फैल रही अफवाहों पर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। शुक्रवार को प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आया। एडीएम राजेश कुमार और एएसपी अनंत चंदरशेखर ने भारी पुलिस बल के साथ जिले के विभिन्न पेट्रोल पंपों का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पेट्रोल पंपों पर स्टॉक रजिस्टर, सप्लाई चेन और ईंधन की गुणवत्ता की गहन जांच की। प्रशासन की इस कार्रवाई से स्पष्ट संदेश दिया गया कि किसी भी तरह की लापरवाही या गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

एडीएम राजेश कुमार ने निर्देश दिए कि सभी उपभोक्ताओं को निर्धारित मात्रा और सही दर पर ईंधन उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने साफ कहा कि जिले में पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और किसी तरह की कमी नहीं है। साथ ही उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और घबराकर जरूरत से ज्यादा ईंधन की खरीदारी न करें।

वहीं एएसपी अनंत चंदरशेखर ने चेतावनी दी कि यदि कोई पेट्रोल पंप संचालक जमाखोरी या कालाबाजारी में लिप्त पाया गया, तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने आम जनता से शांति बनाए रखने और अफवाह फैलाने वालों से सतर्क रहने की अपील की है। फिलहाल जिले के सभी पेट्रोल पंपों पर आपूर्ति सामान्य रूप से जारी है और किसी भी प्रकार की किल्लत की स्थिति नहीं है।

Related Articles

Back to top button