उत्तर प्रदेशचंदौली

चंदौली में नवरात्रि, रामनवमी और ईद को लेकर अलर्ट, पीस कमेटी की बैठक में प्रशासन सख्त

डीएम-एसपी ने सौहार्द बनाए रखने की अपील की, नई परंपरा शुरू करने पर रोक और सोशल मीडिया पर कड़ी निगरानी के निर्देश

रिपोर्ट: गणपत राय

चंदौली में आगामी नवरात्रि, रामनवमी और ईद-उल-फितर पर्वों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में 19 मार्च 2026 को पुलिस लाइन चंदौली के नवीन सभागार में जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग और पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे की अध्यक्षता में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जिलाधिकारी ने सभी धर्मों के लोगों, धर्मगुरुओं और जनप्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए अपील की कि हर वर्ष की तरह इस बार भी सभी पर्व आपसी भाईचारे और शांति के साथ मनाए जाएं। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की नई परंपरा शुरू न की जाए, जिससे अनावश्यक विवाद की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।

जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि सभी त्योहार हमारी साझा सांस्कृतिक विरासत का हिस्सा हैं और इन्हें मिल-जुलकर मनाना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को साफ-सफाई, पेयजल, बिजली आपूर्ति और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए।

वहीं पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जानकारी देते हुए बताया कि जिले के संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी और पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

एसपी ने यह भी बताया कि सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों को रोकने के लिए विशेष टीम सक्रिय है, जो लगातार निगरानी कर रही है।

इस बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) राजेश कुमार, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) रतन वर्मा, अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनंत चन्द्रशेखर, एसडीएम और क्षेत्राधिकारी समेत कई विभागीय अधिकारी, धर्मगुरु और जनपद के गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button