चंदौली में गैस एजेंसी के बाहर उमड़ी भीड़, सर्विस रोड पर लगा लंबा जाम
व्यवस्था के अभाव में सड़क पर कतारबद्ध हुए सैकड़ों उपभोक्ता, राहगीरों और स्कूली बच्चों को हुई भारी परेशानी

रिपोर्ट: लारेंस सिंह
चंदौली जिला मुख्यालय स्थित सर्विस रोड पर मंगलवार को श्री बिहारी गैस एजेंसी के सामने उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं की भीड़ उमड़ पड़ी। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि एजेंसी परिसर के साथ-साथ पूरी सर्विस रोड पर जाम लग गया।
गैस एजेंसी सड़क किनारे होने के कारण सैकड़ों उपभोक्ता सड़क पर ही कतार में खड़े हो गए। सड़क किनारे लंबी लाइन और अव्यवस्थित खड़े वाहनों ने हालात और खराब कर दिए, जिससे पैदल चलना तक मुश्किल हो गया।
भीड़ के चलते दोपहिया और चारपहिया वाहनों का आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। दफ्तर जाने वाले कर्मचारियों और स्कूली बच्चों को इस जाम से निकलने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। कई लोग घंटों तक जाम में फंसे रहे।
सबसे बड़ी बात यह रही कि मौके पर न तो गैस एजेंसी की ओर से कोई निजी सुरक्षा व्यवस्था दिखाई दी और न ही प्रशासन की तरफ से भीड़ को नियंत्रित करने के लिए कोई कदम उठाया गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां अक्सर इसी तरह की स्थिति बनी रहती है, जिससे दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है।
घटना को लेकर क्षेत्रीय नागरिकों में भारी नाराजगी देखी गई। लोगों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मांग की है कि या तो एजेंसी को अपने परिसर के भीतर ही उपभोक्ताओं की व्यवस्था करने का निर्देश दिया जाए या फिर मौके पर पुलिस बल तैनात कर यातायात को सुचारू बनाया जाए।
घंटों तक चली इस अव्यवस्था के कारण पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा, लेकिन प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।



