चंदौली में गंगा नदी में उतराया मिला अज्ञात महिला का शव, इलाके में फैली सनसनी
टांडा कला पीपा पुल के पास मिला शव, 5–6 दिन पुराना होने की आशंका, पहचान में जुटी बलुआ पुलिस
रिपोर्ट: गणपत राय
चंदौली। जनपद चंदौली के बलुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत टांडा कला पीपा पुल के पास शनिवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब गंगा नदी में एक अज्ञात महिला का उतराया हुआ शव देखा गया। नदी किनारे शव दिखाई देने पर स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना बलुआ पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही बलुआ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को गंगा नदी से बाहर निकलवाया। मृतका की उम्र करीब 35 वर्ष के आसपास आंकी जा रही है। महिला ने काले रंग का सलवार-कमीज पहन रखा था। शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।
5 से 6 दिन पुराना बताया जा रहा शव
बलुआ थाना प्रभारी अतुल प्रजापति ने बताया कि प्रथम दृष्टया शव 5 से 6 दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। आशंका जताई जा रही है कि शव कहीं और से बहकर इस स्थान तक आया है। फिलहाल महिला की शिनाख्त नहीं हो सकी है।
पहचान की कोशिश, आसपास के थानों को दी गई सूचना
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही मृतका की पहचान के लिए आसपास के थानों और जनपदों में सूचना भेजी जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि मामला हादसा है या इसके पीछे कोई आपराधिक कारण।
फिलहाल बलुआ पुलिस हर पहलू से मामले की जांच में जुटी हुई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



