उत्तर प्रदेशक्राइमचंदौली

चंदौली पुलिस का बड़ा एक्शन: 24 लाख का गांजा बरामद, 4 अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

चिप्स पैकेट और मोबिल ड्रम में छिपाकर हो रही थी तस्करी, दो अलग-अलग ऑपरेशन में 93 किलो से ज्यादा गांजा पकड़ा

रिपोर्ट: लारेंस सिंह

चंदौली जनपद में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए कुल 93.350 किलोग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 24 लाख रुपये बताई जा रही है। इस मामले में 4 अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।

पहली कार्रवाई थाना चंदौली पुलिस और स्वाट सर्विलांस टीम ने संयुक्त रूप से की। एनएच-19 स्थित बड़े साहब ढाबा के पास चेकिंग के दौरान एक पिकअप वाहन को रोका गया, जिसमें चिप्स और बिस्कुट के पैकेटों के बीच 55.350 किलोग्राम गांजा छिपाकर रखा गया था। मौके से दिल्ली निवासी विशाल दुबे और बिहार के बक्सर निवासी बब्बन सिंह को गिरफ्तार किया गया।

दूसरी कार्रवाई में थाना मुगलसराय पुलिस ने चकिया तिराहे के पास चेकिंग के दौरान एक टाटा मैजिक वाहन से 38 किलोग्राम गांजा बरामद किया। तस्करों ने जले हुए मोबिल ड्रमों के अंदर गांजे के पैकेट छिपा रखे थे ताकि गंध और जांच से बचा जा सके। इस दौरान भोजपुर (बिहार) निवासी निरंजन कुमार और राजू कुमार को गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में सामने आया कि यह गांजा मध्य प्रदेश और बिहार के रास्ते वाराणसी सप्लाई किया जा रहा था। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।

Related Articles

Back to top button