चंदौली के हर ब्लॉक में बनेगा साइंस पार्क
परिषदीय स्कूलों के बच्चे प्रयोगों से सीखेंगे विज्ञान, सीएसआर फंड से होगा निर्माण
रिपोर्ट: गणपत राय
चंदौली। परिषदीय विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चों को अब किताबों के साथ-साथ प्रयोगों के माध्यम से विज्ञान सीखने का अवसर मिलेगा। बेसिक शिक्षा विभाग की नई पहल के तहत जिले के प्रत्येक ब्लॉक में एक-एक साइंस पार्क का निर्माण किया जाएगा। यह साइंस पार्क कंपोजिट परिषदीय विद्यालयों में कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) फंड के सहयोग से विकसित किए जाएंगे।
बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार ने बताया कि साइंस पार्क का मुख्य उद्देश्य बच्चों में वैज्ञानिक सोच विकसित करना और विज्ञान के सिद्धांतों को व्यवहारिक रूप से समझने का अवसर प्रदान करना है। पार्क में विज्ञान से जुड़े विभिन्न मॉडल, उपकरण और प्रयोगात्मक संरचनाएं स्थापित की जाएंगी, जिनसे छात्र खेल-खेल में विज्ञान के नियमों को समझ सकेंगे।
उन्होंने कहा कि परिषदीय स्कूलों के बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता केवल बेहतर संसाधन और अवसर उपलब्ध कराने की है। साइंस पार्क बनने से बच्चे कक्षा तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि खुले वातावरण में सीखने का अनुभव प्राप्त करेंगे, जिससे विज्ञान विषय के प्रति उनकी रुचि और समझ दोनों बढ़ेंगी।
योजना के पहले चरण में प्रत्येक ब्लॉक से एक कंपोजिट विद्यालय का चयन किया जाएगा, जहां साइंस पार्क की स्थापना होगी। भविष्य में योजना की सफलता को देखते हुए अन्य विद्यालयों में भी ऐसे पार्क बनाए जाने पर विचार किया जाएगा। सीएसआर फंड के माध्यम से होने वाले इस निर्माण से सरकारी संसाधनों पर अतिरिक्त बोझ नहीं पड़ेगा।



