चंदौली के लाल ने भरी आसमान में ऊंची उड़ान, शांतम सिंह बने इंडिगो में पायलट
शहाबगंज के तियरी गांव के युवक ने विदेश में पूरी की ट्रेनिंग, सफलता से पूरे जनपद में खुशी की लहर

रिपोर्ट: लारेंस सिंह
चंदौली। जनपद के युवाओं की प्रतिभा एक बार फिर सामने आई है, जहां शहाबगंज विकास खंड के तियरी गांव के निवासी शांतम सिंह ने देश की प्रमुख विमानन कंपनी इंडिगो एयरलाइंस में पायलट बनकर जिले का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में गर्व और खुशी का माहौल है।
शांतम सिंह, SRVS के सहायक प्रबंध निदेशक श्याम जी सिंह के पुत्र हैं। उन्होंने बचपन से ही पायलट बनने का सपना देखा था और उसे साकार करने के लिए कड़ी मेहनत की। अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए उन्होंने दक्षिण अफ्रीका जाकर कठिन फ्लाइंग ट्रेनिंग पूरी की। चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों और कड़े प्रशिक्षण के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और अंततः पायलट की वर्दी हासिल कर ली।
बताया जाता है कि शांतम सिंह पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष छत्रबली सिंह के भतीजे हैं। जैसे ही उनकी सफलता की खबर गांव और आसपास के क्षेत्रों में पहुंची, बधाई देने वालों का तांता लग गया। ग्रामीणों और क्षेत्रीय लोगों ने इसे पूरे चन्दौली के लिए गर्व का क्षण बताया।
शिक्षाविदों और क्षेत्र के गणमान्य लोगों का कहना है कि शांतम की यह सफलता ग्रामीण युवाओं के लिए एक बड़ी प्रेरणा है। यह उपलब्धि दर्शाती है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत सच्ची हो, तो किसी भी मुकाम को हासिल किया जा सकता है।



