उत्तर प्रदेशचंदौली

चंदौली के किसानों के लिए खुशखबरी: हाइब्रिड मक्का बीज पर 50% सरकारी सब्सिडी

जायद सीजन में मक्का की खेती को बढ़ावा देने के लिए कृषि विभाग की पहल, राजकीय बीज भंडारों पर HQPM-5 प्रजाति उपलब्ध

रिपोर्ट: लारेंस सिंह

चंदौली जनपद के किसानों के लिए जायद सीजन में मक्का की खेती को लाभदायक बनाने के उद्देश्य से कृषि विभाग ने विशेष पहल की है। अब किसानों को राजकीय कृषि बीज भंडारों पर उन्नत किस्म का हाइब्रिड मक्का बीज 50 प्रतिशत सरकारी सब्सिडी पर उपलब्ध कराया जा रहा है।

जिला कृषि अधिकारी विनोद कुमार यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि ‘त्वरित मक्का विकास कार्यक्रम’ के तहत संकर (हाइब्रिड) बीजों के उपयोग को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय जायद मक्का की बुवाई के लिए सबसे उपयुक्त है, इसलिए किसान बिना देरी किए अपने नजदीकी विकास खंड स्थित राजकीय कृषि बीज भंडार से बीज प्राप्त कर सकते हैं।

राजकीय बीज भंडारों पर HQPM-5 प्रजाति का हाइब्रिड मक्का बीज उपलब्ध कराया गया है। इस बीज का निर्धारित मूल्य 285 रुपये प्रति किलोग्राम है, जिस पर किसानों को 50 प्रतिशत की सीधी सब्सिडी दी जा रही है।

कृषि विभाग के अनुसार किसानों को बीज खरीदते समय पूरा मूल्य जमा करना होगा, जिसके बाद निर्धारित सब्सिडी की राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से सीधे उनके पंजीकृत बैंक खाते में भेज दी जाएगी। योजना का लाभ लेने के लिए किसानों को आधार कार्ड और बैंक खाते का विवरण साथ लेकर बीज भंडार पर संपर्क करना होगा।

बीज का वितरण सीमित स्टॉक के आधार पर ‘पहले आओ, पहले पाओ’ की व्यवस्था से किया जा रहा है। इसलिए कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे जल्द से जल्द अपने ब्लॉक के राजकीय बीज भंडार पर पहुंचकर इस सुविधा का लाभ उठाएं और जायद सीजन में मक्का की खेती से अपनी आय बढ़ाएं।

Related Articles

Back to top button