उत्तर प्रदेशचंदौली

गैस सिलेंडर की किल्लत से थमी स्कूलों की रसोई, प्रधानों ने घेरा BSA कार्यालय

एमडीएम योजना पर संकट, गैस आपूर्ति बाधित होने से बच्चों के भोजन पर असर; बीएसए ने जल्द समाधान का दिया आश्वासन

रिपोर्ट: लारेंस सिंह

चन्दौली। जनपद के सरकारी विद्यालयों में संचालित मिड-डे मील (MDM) योजना इन दिनों गंभीर संकट से जूझ रही है। गैस सिलेंडरों की भारी किल्लत के चलते स्कूलों की रसोई पर ताला लगने जैसी स्थिति बन गई है, जिससे बच्चों को मिलने वाला दैनिक भोजन प्रभावित हो रहा है।

इसी समस्या को लेकर सोमवार को ग्राम प्रधानों का एक प्रतिनिधिमंडल जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) कार्यालय पहुंचा और अपनी नाराजगी जाहिर की। प्रधानों ने स्पष्ट शब्दों में बताया कि गैस आपूर्ति में लगातार आ रही बाधा के कारण कई विद्यालयों में भोजन बन पाना मुश्किल हो गया है। हालात ऐसे हैं कि कुछ जगहों पर चूल्हे ठंडे पड़ने लगे हैं।

प्रधानों का कहना है कि एमडीएम योजना में आ रही इस रुकावट का सीधा असर बच्चों के पोषण और उनकी पढ़ाई पर पड़ रहा है। उन्होंने मांग की कि जल्द से जल्द गैस आपूर्ति को सुचारू कराया जाए, ताकि विद्यालयों में भोजन व्यवस्था सामान्य हो सके।

वहीं, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना और भरोसा दिलाया कि विभाग इस समस्या से अवगत है। उन्होंने आश्वासन दिया कि संबंधित एजेंसियों से समन्वय कर गैस आपूर्ति में आ रही बाधाओं को जल्द दूर किया जाएगा, जिससे एमडीएम योजना को फिर से पटरी पर लाया जा सके।

इस दौरान प्रतिनिधिमंडल में आशुतोष यादव, रामाश्रय, प्रद्युम्न, उषा देवी, वीरेंद्र यादव, अवधेश यादव, अंकित सिंह, ओम प्रकाश, जितेंद्र, मीता पासवान, ओम प्रकाश मौर्य, प्रमोद पासवान, लक्ष देवी और निरंजन मौर्या सहित कई ग्राम प्रधान मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button