उत्तर प्रदेशचंदौली

गैस किल्लत की अफवाह फैलाने वालों पर सख्त एक्शन, डीएम चंद्र मोहन गर्ग का अल्टीमेटम—जेल भेजे जाएंगे जिम्मेदार

कलेक्ट्रेट में समीक्षा बैठक के दौरान डीएम और एसपी ने साफ किया—जिले में रसोई गैस की कोई कमी नहीं, जमाखोरी और अफवाह फैलाने पर होगी कड़ी कार्रवाई

रिपोर्ट: लारेंस सिंह

चंदौली। जिले में रसोई गैस की किल्लत को लेकर सोशल मीडिया पर फैल रही भ्रामक खबरों पर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग और पुलिस अधीक्षक आदित्य लांघे ने अफवाह फैलाने वालों को कड़ी चेतावनी दी।

बैठक के दौरान भारत पेट्रोलियम, हिंदुस्तान पेट्रोलियम और इंडियन ऑयल के अधिकारियों ने गैस आपूर्ति से जुड़ा डेटा प्रस्तुत किया। अधिकारियों ने बताया कि जिले को उसकी जरूरत के मुताबिक पूरा कोटा मिल रहा है और फिलहाल कहीं भी रसोई गैस की कमी नहीं है।

जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने कहा कि कुछ अराजक तत्व अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों का हवाला देकर लोगों के बीच घबराहट फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि आम जनता किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दे।

डीएम ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसी व्यक्ति द्वारा गैस सिलेंडर की जमाखोरी की गई या सोशल मीडिया के माध्यम से गैस किल्लत की अफवाह फैलाई गई, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और उसे जेल भी भेजा जा सकता है।

प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि अब गैस वितरण केंद्रों और एजेंसियों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। प्रशासन की टीमें नियमित रूप से जांच करेंगी ताकि उपभोक्ताओं को निर्धारित दर पर ही गैस उपलब्ध हो सके और किसी तरह की कालाबाजारी न हो।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), अपर पुलिस अधीक्षक, जिला पूर्ति अधिकारी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने यह भी कहा कि यदि गैस वितरण व्यवस्था में किसी प्रकार की अनियमितता पाई गई तो संबंधित वितरकों के खिलाफ भी कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन की इस सख्ती के बाद साफ संकेत मिल गया है कि जिले में अफवाह फैलाने और गैस की कालाबाजारी करने वालों पर अब कड़ी नजर रखी जाएगी।

Related Articles

Back to top button