गेहूं खरीद में लापरवाही पर भड़के मनोज सिंह डब्लू, बोरा उपलब्ध कराने की उठाई मांग
चिरईगांव क्रय केंद्र पर खुले में पड़ा मिला गेहूं, किसानों की समस्याओं को लेकर प्रशासन पर साधा निशाना

रिपोर्ट: अवधेश राय
चंदौली में गेहूं खरीद को लेकर किसानों की परेशानियां एक बार फिर सामने आई हैं। सपा के राष्ट्रीय सचिव व सैयदराजा के पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने मंगलवार को चिरईगांव स्थित गेहूं क्रय केंद्र का निरीक्षण किया, जहां बड़ी मात्रा में गेहूं खुले आसमान के नीचे पड़ा मिला।
निरीक्षण के दौरान किसानों ने बताया कि उन्होंने अपनी उपज एक सप्ताह पहले ही क्रय केंद्र पर जमा कर दी थी, लेकिन अब तक उसकी खरीद नहीं हो सकी है। अधिकारियों की ओर से बोरा उपलब्ध न होने की बात कही गई, जिसके कारण खरीद प्रक्रिया प्रभावित हो रही है।
इस पर मनोज सिंह डब्लू ने सरकार और प्रशासन पर निशाना साधते हुए कहा कि किसानों की आय दोगुनी करने का दावा करने वाली डबल इंजन सरकार गेहूं खरीद के लिए बोरा तक उपलब्ध नहीं करा पा रही है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही बोरा की व्यवस्था नहीं की गई तो बारिश की स्थिति में किसानों की फसल बर्बाद हो सकती है।
उन्होंने कहा कि किसानों की पूरी आर्थिक व्यवस्था इसी फसल पर निर्भर करती है, जिसमें परिवार की जिम्मेदारियां, बच्चों की पढ़ाई और इलाज का खर्च शामिल है। ऐसे में जिला प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को इस गंभीर मुद्दे पर तुरंत ध्यान देना चाहिए और गेहूं खरीद की प्रक्रिया को जल्द से जल्द पूरा कराया जाना चाहिए।



