गणेश पूजन के साथ काशी विश्वनाथ धाम में महाशिवरात्रि महोत्सव का शुभारंभ
प्रथम पूज्य श्री गणेश जी की विधि-विधान से पूजा के बाद महाशिवरात्रि पर्व की तैयारियां औपचारिक रूप से शुरू
वाराणसी। श्री काशी विश्वनाथ धाम में महाशिवरात्रि पर्व की तैयारियों का शुभारंभ प्रथम पूज्य श्री गणेश जी के विधि-विधान से पूजन के साथ किया गया। मंदिर न्यास का प्रतिनिधित्व करते हुए मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच धाम में स्थित गौरी नंदन श्री गणेश जी की पूजा-अर्चना कर महोत्सव के निर्विघ्न संचालन की प्रार्थना की।
पूजन के दौरान श्री गणेश जी को वस्त्र, पुष्प, दुर्वा, माला, नैवैद्य और भोग अर्पित किए गए तथा भावपूर्ण स्तुति के साथ आरती उतारी गई। गणेश पूजन के उपरांत श्री काशी विश्वनाथ धाम में महाशिवरात्रि महोत्सव का औपचारिक शुभारंभ हो गया।
महोत्सव के शास्त्रीय आयोजन के अंतर्गत आगामी दिनों में मंदिर परिसर में स्थित सभी प्रधान विग्रहों का रुद्राभिषेक कर उन्हें जागृत किया जाएगा और विधिवत आराधना की जाएगी। साथ ही समस्त देवताओं का आह्वान कर श्रद्धालुओं को आशीर्वाद प्रदान करने हेतु आमंत्रित किया जाएगा।
मंदिर प्रशासन द्वारा प्रतिदिन होने वाले शास्त्रीय आयोजनों की जानकारी अलग-अलग माध्यमों से साझा की जाएगी।



