गणतंत्र दिवस पर वृद्ध आश्रम मद्धूपुर में हुआ ध्वजारोहण, अधिकारियों ने बांटी खुशियाँ
जिला समाज कल्याण अधिकारी ने किया झंडारोहण, मुख्य विकास अधिकारी ने मिष्ठान व फल वितरित कर दी शुभकामनाएँ

रिपोर्ट: गणपत राय
चंदौली। 77वें गणतंत्र दिवस के शुभ अवसर पर जनपद चंदौली के मद्धूपुर स्थित वृद्ध आश्रम में देशभक्ति और सामाजिक सरोकार का भावपूर्ण दृश्य देखने को मिला। कार्यक्रम के दौरान जिला समाज कल्याण अधिकारी श्री राजीव कुमार द्वारा विधिवत झंडारोहण किया गया, जिसके बाद राष्ट्रगान के साथ गणतंत्र दिवस को श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी श्री आर. जगत साईं महोदय ने वृद्ध आश्रम में रह रहे संवासियों को मिष्ठान, फल एवं समोसे का वितरण किया और सभी को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। अधिकारियों ने बुजुर्गों से संवाद कर उनका हालचाल भी जाना और उनके सुख-स्वास्थ्य की कामना की।
कार्यक्रम में गिरिजेश राय, एडवोकेट महेंद्र प्रताप सिंह, रमेश उपाध्याय, सतेन्द्र राय, संजय यादव सहित वृद्ध आश्रम के समस्त कर्मचारीगण उपस्थित रहे। सभी ने एकजुट होकर राष्ट्रीय पर्व को मनाते हुए सामाजिक संवेदनशीलता और सेवा भाव का संदेश दिया।



