गढ़ई नदी चौड़ीकरण व सफाई की मांग को लेकर पूर्व सांसद रामकिशुन यादव की पदयात्रा, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
भारी बारिश से फसल बर्बादी का मुद्दा उठाते हुए किसानों को मुआवजा देने और बाढ़ से बचाव के ठोस इंतजाम की मांग
रिपोर्ट: गणपत राय
चंदौली। गढ़ई नदी के चौड़ीकरण और सफाई की मांग को लेकर चंदौली के पूर्व सांसद एवं समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता रामकिशुन यादव ने गुरुवार को पदयात्रा निकाली। पदयात्रा के जरिए उन्होंने किसानों की समस्याओं को लेकर प्रशासन का ध्यान आकृष्ट किया और उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान समाजवादी पार्टी के बड़ी संख्या में नेता, कार्यकर्ता और स्थानीय किसान मौजूद रहे।
पूर्व सांसद रामकिशुन यादव ने कहा कि बीते दिनों हुई भारी बारिश के कारण गढ़ई नदी का जलस्तर बढ़ गया था, जिससे नदी ओवरफ्लो हो गई। इसके चलते आसपास के गांवों में किसानों की हजारों एकड़ फसल जलमग्न होकर पूरी तरह बर्बाद हो गई। उन्होंने आरोप लगाया कि इतनी बड़ी प्राकृतिक आपदा के बावजूद किसानों को अब तक उचित मुआवजा नहीं दिया गया है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर हो चुकी है।
रामकिशुन यादव ने केंद्र और प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि दोनों जगह भारतीय जनता पार्टी की सरकार है, जो किसानों की आय दोगुनी करने की बात करती है, लेकिन जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग है। चंदौली का किसान आज बदहाली के दौर से गुजर रहा है। न तो समय पर मुआवजा मिला और न ही भविष्य में बाढ़ जैसी आपदाओं से बचाव के लिए कोई ठोस योजना बनाई गई है।
उन्होंने प्रशासन से मांग की कि गढ़ई नदी की तत्काल सफाई और चौड़ीकरण कराया जाए, ताकि आने वाले समय में बाढ़ की स्थिति से किसानों की फसलों और गांवों को सुरक्षित रखा जा सके। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा किसानों के अधिकारों की लड़ाई लड़ती रही है और आगे भी किसानों के साथ मजबूती से खड़ी रहेगी।
पदयात्रा के समापन पर एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग की गई। कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में सपा कार्यकर्ता, पदाधिकारी और क्षेत्रीय किसान शामिल हुए।



