खुली नाली से नाराज़ ग्रामीणों का प्रदर्शन
रमदत्तपुर दलित बस्ती में तीन साल से जर्जर सीवर लाइन, मरम्मत की मांग तेज

रिपोर्ट: गणपत राय
चहनियां क्षेत्र के रमदत्तपुर दलित बस्ती में जर्जर और खुली पड़ी सीवर नाली की समस्या को लेकर सोमवार को ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने प्रदर्शन कर शासन-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और जल्द से जल्द नाली की मरम्मत कराने की मांग उठाई।
ग्रामीणों का कहना है कि मुख्य खड़ंजा मार्ग के बीचों-बीच बनी सीवर नाली की पटिया कई साल पहले टूट गई थी, लेकिन अब तक उसकी मरम्मत नहीं कराई गई। वर्तमान में नाली खुली होने के कारण उसमें कूड़ा-कचरा भर गया है और घरों का गंदा पानी सड़क पर बह रहा है। इससे पूरे इलाके में बदबू और गंदगी का माहौल बना हुआ है।
स्थानीय लोगों के अनुसार बदबू और मच्छरों के कारण बस्ती में संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। यह रास्ता बस्ती का मुख्य लिंक मार्ग है, जिससे होकर बच्चे स्कूल जाते हैं। कई बार बच्चे नाली में गिरकर चोटिल भी हो चुके हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इस समस्या के कारण दरवाजे पर बैठना तक मुश्किल हो गया है और मेहमान आने पर भी शर्मिंदगी झेलनी पड़ती है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि ग्राम प्रधान को कई बार इस समस्या की जानकारी दी गई, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिला है। लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द नाली की मरम्मत कर उसे ढका नहीं गया तो वे बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
प्रदर्शन में हरवंश, संजय, लालजी, लालमन, दिलीप, बृजेश, राम प्रवेश, राकेश, कन्हैया, पप्पू, रामवचन, विंध्याचली, प्रमोद और अजय सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।



