क्राइमवाराणसी

कोडीन सिरप की अवैध बिक्री और हवाला लेनदेन में बड़ी कार्यवाही, 5 आरोपी गिरफ्तार

रोहनिया और सारनाथ थाना क्षेत्र से गिरफ्तार आरोपियों ने शेल कंपनियों और हवाला के जरिए करीब 40 करोड़ रुपये की काली कमाई को सफेद करने का संचालन किया

वाराणसी: वाराणसी पुलिस ने कोडीन युक्त कफ सिरप की अवैध तस्करी के बड़े रैकेट में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। रोहनिया और सारनाथ थाना क्षेत्र से मुख्य आरोपी शुभम जायसवाल से जुड़े पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान स्वप्निल केशरी, दिनेश यादव, आशीष यादव (रोहनिया थाना क्षेत्र), विष्णु पांडे और लोकेश अग्रवाल (सारनाथ थाना क्षेत्र) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, ये आरोपी ऊंची कीमत पर बिकने वाले कोडीन सिरप की तस्करी से प्राप्त अवैध धन को हवाला के जरिए वाराणसी लाते थे और शेल कंपनियों के माध्यम से इसे वैध दिखाते थे। लेन-देन के लिए कोड वर्ड का उपयोग किया जाता था।

एडीसीपी नीतू कात्यायन ने बताया कि मुख्य आरोपी शुभम जायसवाल की फर्म न्यू वृद्धि फार्मा के इर्द-गिर्द पूरा हवाला नेटवर्क संचालित हो रहा था। जांच में शेल कंपनियों के पते से महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई है। कई कंपनियों के कार्यालय एक छोटे कमरे या दुकान से संचालित किए जा रहे थे। उदाहरण के लिए, पीडी फार्मा को न्यू वृद्धि फार्मा से अनुभव प्रमाण पत्र जारी किया गया था।

पुलिस की एसआईटी टीम ने आरोपियों को कोड वर्ड के आधार पर ट्रैक कर गिरफ्तार किया। मामले की गहराई से जांच जारी है और मुख्य सरगना शुभम जायसवाल की तलाश तेज कर दी गई है।

Related Articles

Back to top button