बजट 2026

केंद्रीय बजट में मध्यम से उच्च वर्ग को राहत, काशी को मिली विकास की बड़ी सौगात

रेल कॉरिडोर और सारनाथ में एयरक्राफ्ट मेंटेनेंस कॉरिडोर की घोषणा, रोजगार और पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

लोकसभा में आज केंद्र सरकार का सातवां केंद्रीय बजट वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने पेश किया। यह उनके कार्यकाल का नौवां बजट रहा। बजट में मध्यम वर्ग से लेकर उच्च वर्ग तक सभी वर्गों को राहत देने के प्रावधान किए गए हैं। शिक्षा, इंफ्रास्ट्रक्चर, स्वास्थ्य सेवाओं और युवाओं के लिए रोजगार को प्राथमिकता देते हुए इसे जनहितकारी बजट बताया जा रहा है।

इस बजट में प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र वाराणसी को विशेष सौगात मिली है। काशी के विकास को गति देने के लिए रेल कॉरिडोर परियोजना के साथ-साथ सारनाथ क्षेत्र में एयरक्राफ्ट मेंटेनेंस कॉरिडोर की घोषणा की गई है। इन परियोजनाओं से क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और पर्यटन को भी मजबूती मिलेगी।

बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए चार्टर्ड अकाउंटेंट जय पध्दवानी ने बताया कि सरकार ने टैक्स व्यवस्था में राहत दी है और शेयर बाजार से जुड़े निवेशकों को भी छूट प्रदान की है। उन्होंने कहा कि काशी को केंद्र में रखकर पर्यटन स्थलों के विकास पर विशेष जोर दिया गया है, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को लाभ होगा। विशेषज्ञों का मानना है कि यह बजट आर्थिक विकास के साथ सामाजिक संतुलन साधने में सहायक साबित होगा।

Back to top button