किराए के कमरे में लटका मिला 20 वर्षीय युवक, इलाके में मचा हड़कंप
रोज़गार की तलाश में आया था युवक, मानसिक दबाव की आशंका

वाराणसी। भेलुपुर थाना क्षेत्र के दाहचौक इलाके में सोमवार देर रात एक 20 वर्षीय युवक ने कथित तौर पर फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और फील्ड यूनिट की मदद से साक्ष्य संकलन करते हुए जांच शुरू कर दी।
मृतक की पहचान बिहार के मोतिहारी जिले के सोनबरसा गांव निवासी शनि कुमार चौबे के रूप में हुई है। शनि लगभग एक माह पहले रोजगार की तलाश में वाराणसी आया था और अपने चचेरे भाई राहुल कुमार चौबे के साथ किराए के कमरे में रह रहा था।
देर रात जब राहुल काम से लौटा तो उसने शनि को कमरे में फंदे से लटका देखा। उसने तत्काल फंदे से उतारकर सीपीआर देने का प्रयास किया, लेकिन तब तक शनि की मौत हो चुकी थी।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।



