काशी के कोतवाल बाबा काल भैरव का विशेष श्रृंगार, राष्ट्र की सुख-शांति की कामना
बसंत पंचमी के दूसरे दिन हुए विशेष अलंकरण में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, देश-राज्य के कल्याण की प्रार्थना
वाराणसी। काशी के कोतवाल बाबा काल भैरव का बसंत पंचमी के दूसरे दिन विशेष श्रृंगार किया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और बाबा के दर्शन के लिए भक्तों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
मीडिया से बातचीत में अविनाश पांडे उर्फ छोटू महाराज ने बताया कि यह विशेष श्रृंगार राष्ट्र की सुख-शांति, समृद्धि और कल्याण की भावना के साथ किया गया है। उन्होंने कहा कि बाबा काल भैरव अपने सभी भक्तों पर कृपा बनाए रखें, यही कामना की गई है। मान्यता है कि बाबा के दर्शन और पूजन से भक्तों को हर प्रकार के कष्टों से मुक्ति मिलती है और तंत्र-मंत्र, जादू-टोना व अन्य बाधाओं से रक्षा होती है।
वहीं मंदिर के महंत अभिषेक पांडे ने बताया कि माघ माह के समापन की ओर बढ़ने के कारण शुभ तिथि पर बाबा का विशेष अलंकार और श्रृंगार किया गया। यह आयोजन राज्य की सुख-समृद्धि और ऐश्वर्य की कामना के साथ-साथ देश को सद्बुद्धि और शांति का मार्ग देने की प्रार्थना के उद्देश्य से संपन्न हुआ।



