उत्तर प्रदेशचंदौली

एलपीजी संकट को लेकर सपा का कलेक्ट्रेट पर धरना, सरकार की नीतियों पर उठाए सवाल

जिलाध्यक्ष सत्यनारायण राजभर के नेतृत्व में प्रदर्शन, डीएम बोले—गैस सप्लाई सुचारू, कालाबाजारी पर होगी कार्रवाई

रिपोर्ट: अवधेश राय

चंदौली में एलपीजी गैस सिलेंडर की कथित किल्लत को लेकर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर में जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। पार्टी के जिलाध्यक्ष सत्यनारायण राजभर के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में सपा नेताओं ने केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए आम जनता को हो रही परेशानियों को उजागर किया।

धरने को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष सत्यनारायण राजभर ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के बीच देश में एलपीजी संकट गहराता जा रहा है, लेकिन सरकार इसे संभालने में विफल साबित हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की गलत नीतियों के कारण आम जनता को गैस सिलेंडर के लिए कतारों में खड़ा होना पड़ रहा है।

पूर्व विधायक मनोज सिंह ‘डब्लू’ ने भी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि एलपीजी सिलेंडर आम लोगों की पहुंच से दूर होता जा रहा है और कई स्थानों पर कालाबाजारी व ओवररेटिंग की शिकायतें सामने आ रही हैं। वहीं सकलडीहा विधायक प्रभु नारायण सिंह यादव ने विदेश नीति को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि समुद्री मार्ग में फंसे पेट्रोलियम जहाजों के कारण देश में गैस संकट बढ़ा है।

धरने के दौरान सपा प्रवक्ता मनोज सिंह ‘काका’ ने कहा कि सरकार की नीतियों का खामियाजा देश की जनता भुगत रही है और कई घरों में सिलेंडर न मिलने से चूल्हे तक नहीं जल पा रहे हैं।

इस बीच मौके पर पहुंचे जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने प्रदर्शनकारियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि जिले में गैस की आपूर्ति सामान्य रूप से जारी है और प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। उन्होंने कहा कि यदि कहीं कालाबाजारी या अधिक कीमत वसूली की शिकायत मिलती है तो तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button