उत्तर प्रदेशचंदौली

एचडीएफसी बैंक की ‘परिवर्तन’ पहल से बदलेगा चंदौली का ग्रामीण परिदृश्य

चकिया के 12 गांवों में IRDP योजना का शुभारंभ, 1500 परिवारों को मिलेगा सीधा लाभ

रिपोर्ट: लारेंस सिंह

चकिया, चंदौली | एचडीएफसी बैंक ने अपनी कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) पहल ‘परिवर्तन’ के अंतर्गत चकिया विकास खंड के 12 चयनित गांवों में समेकित ग्रामीण विकास कार्यक्रम (IRDP) का भव्य शुभारंभ किया। अर्पण सेवा संस्थान के सहयोग से संचालित इस परियोजना का उद्घाटन जिलाधिकारी चंद्रमोहन गर्ग और आर. जगत साई ने फीता काटकर किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी चंद्रमोहन गर्ग ने बताया कि शिकारगंज क्षेत्र के आसपास के गांवों को इस महत्वाकांक्षी योजना के लिए चुना गया है। इसके माध्यम से करीब 1500 परिवारों को पशुपालन, मत्स्य पालन, उद्यान और स्वयं सहायता समूहों के जरिए रोजगार से जोड़ा जाएगा। उन्होंने ग्रामीणों से इस योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बनने की अपील की।

इस परियोजना के तहत शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में भी व्यापक सुधार किए जाएंगे। स्थानीय प्राथमिक विद्यालयों को मॉडल स्कूल के रूप में विकसित किया जाएगा, वहीं स्मार्ट स्कूल और स्मार्ट आंगनबाड़ी की स्थापना की जाएगी। स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) के बुनियादी ढांचे को अत्याधुनिक बनाया जाएगा।

महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को कौशल विकास और स्वरोजगार के अवसर प्रदान किए जाएंगे। साथ ही कृषि क्षेत्र में नवाचार को बढ़ावा देते हुए लगभग 84 एकड़ भूमि को सौर सिंचाई सुविधा से जोड़ा जाएगा। गांवों में सोलर जल उठान पंप और सोलर स्ट्रीट लाइटें भी लगाई जाएंगी।

किसानों को आधुनिक खेती के लिए ‘किसान फील्ड स्कूल’ के माध्यम से प्रशिक्षण दिया जाएगा। एचडीएफसी बैंक के क्लस्टर हेड बालमुकुंद राय ने कहा कि ‘परिवर्तन’ पहल के जरिए बैंक सतत विकास और सामुदायिक सशक्तिकरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को आगे बढ़ा रहा है।

कार्यक्रम का संचालन शाखा प्रबंधक मनोज कुमार ने किया, जबकि रिलेशनशिप मैनेजर सौरभ श्रीवास्तव ने अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर बैंक के वरिष्ठ अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button