उत्तर प्रदेशचंदौली

उद्योग व्यापार मंडल की बैठक में उठे व्यापारियों के मुद्दे, प्रशासन ने दिया समाधान का भरोसा

एसपी आकाश पटेल की अध्यक्षता में बैठक, सुरक्षा, ट्रैफिक और दुर्व्यवहार के मामलों पर हुई चर्चा

रिपोर्ट: गणपत राय

चंदौली में पुलिस लाइन सभागार पर अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल की मासिक बैठक सोमवार को संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता एसपी आकाश पटेल, एएसपी अनंत चंद्रशेखर और एडीएम द्वारा की गई।

बैठक में मौजूद व्यापारियों ने अपनी-अपनी समस्याएं पुलिस अधिकारियों के सामने रखीं। इस पर एसपी ने आश्वासन दिया कि व्यापारियों की सुरक्षा से जुड़ी समस्याओं का तत्काल समाधान किया जाएगा, जबकि अन्य मुद्दों के लिए संबंधित विभागों के माध्यम से कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

जिलाध्यक्ष राकेश शर्मा ने व्यापारियों से अपील की कि वे अपने प्रतिष्ठानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाएं, जिससे संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा सके। साथ ही उन्होंने रोहिताश पाल हत्याकांड के जल्द खुलासे की मांग उठाई, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।

बैठक में ट्रेलर ट्रकों के सड़क किनारे खड़े होने से उत्पन्न दुर्घटना की आशंका, ट्रैफिक जाम की समस्या और पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई। व्यापारियों ने चंधासी चौकी इंचार्ज पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की।

इस पर एसपी ने भरोसा दिलाया कि मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने कहा कि व्यापारियों के साथ किसी भी प्रकार का दुर्व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ट्रैफिक व्यवस्था को भी सुचारू बनाया जाएगा।

बैठक में महिला जिलाध्यक्ष अर्चना देवी सहित कई व्यापारी और पदाधिकारी मौजूद रहे। सभी ने व्यापारियों की सुरक्षा और सुचारू व्यापार व्यवस्था के लिए प्रशासन के साथ समन्वय बनाए रखने का संकल्प लिया।

Related Articles

Back to top button