उदय प्रताप कॉलेज में छात्रों का मुंडन प्रदर्शन, हत्याकांड पर फूटा गुस्सा
छात्र सूर्य प्रताप सिंह हत्याकांड के बाद उग्र हुआ आंदोलन, प्रिंसिपल पर कार्रवाई और आरोपी को फांसी की मांग तेज

वाराणसी के उदय प्रताप कॉलेज में छात्र आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। बुधवार को छात्रों ने विरोध का अनोखा तरीका अपनाते हुए धरना स्थल पर मुंडन कराकर कॉलेज प्रशासन के खिलाफ अपना आक्रोश जताया।
छात्रों का आरोप है कि कॉलेज के प्रिंसिपल की भूमिका संदिग्ध है और अब तक उनके खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। इसी के विरोध में छात्र लगातार धरना प्रदर्शन कर रहे हैं और न्याय की मांग कर रहे हैं।
कैंपस में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। धरना स्थल पर कई दर्जन पुलिसकर्मी मौजूद हैं और सुरक्षा व्यवस्था की लगातार निगरानी की जा रही है। इस दौरान नीतू कात्यायन भी मौके पर पहुंचीं और हालात का जायजा लिया।
गौरतलब है कि 20 मार्च को कॉलेज परिसर में दिनदहाड़े छात्र सूर्य प्रताप सिंह की हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी मंजीत चौहान को घटना के दिन ही गिरफ्तार कर लिया था, जबकि दूसरे आरोपी अनुज ने बाद में कोर्ट में सरेंडर कर दिया।
छात्रों का कहना है कि करीब 500 छात्रों के बीच हुई इस घटना का पूरा वीडियो सीसीटीवी कैमरों में कैद है, इसके बावजूद कॉलेज प्रशासन के खिलाफ अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
प्रदर्शन कर रहे छात्रों की मांग है कि आरोपी मंजीत चौहान को फांसी की सजा दी जाए और कॉलेज के प्राचार्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उन्हें तत्काल पद से हटाया जाए। छात्रों ने चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, उनका अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा।
धरना दे रहे छात्रों ने साफ कहा कि अगर जल्द न्याय नहीं मिला तो आंदोलन और उग्र किया जाएगा।



