पटनाः राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बेटे और बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव नए साल की छुट्टियां मनाने विदेश गए हैं। इसी दौरान उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में तेजस्वी यादव नीले रंग की हाफ पैंट, हल्के लाल रंग की टी-शर्ट और काले सनग्लास पहने नदी में बोटिंग करते नजर आ रहे हैं।
इस वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक यूजर ने ‘बरेटा हाथों में पिस्तौल’ गाने के साथ एडिट कर पोस्ट किया, जिसके बाद यह तेजी से वायरल हो गया। वीडियो को लेकर यूजर्स मजेदार और व्यंग्यात्मक कमेंट कर रहे हैं।
एक यूजर @Harshal_Tank ने लिखा, “Prada’s की 32 हजार की सनग्लास… ये वाला प्रोफेशन मस्त है, मेरा मतलब फैमिली बिजनेस।” वहीं दूसरे यूजर ‘राजनीतिक फटकारा’ ने तंज कसते हुए लिखा, “बिहार में विकास की गंगा में हाथ धोते मगध देश के राजकुमार।”
तेजस्वी यादव की विदेश यात्रा को लेकर इससे पहले भी सत्ताधारी जदयू नेताओं ने सवाल उठाए थे। इसी बीच राजनीतिक गलियारों में यह वीडियो चर्चा का विषय बना हुआ है।
उधर, राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने आईआरसीटीसी घोटाले में आरोप तय किए जाने के खिलाफ दिल्ली हाईकोर्ट का रुख किया है। निचली अदालत द्वारा भ्रष्टाचार और आपराधिक साजिश के आरोप तय किए जाने के आदेश को चुनौती दी गई है। इस मामले में जस्टिस स्वर्णकांता शर्मा की बेंच 5 जनवरी को सुनवाई करेगी।