आकाश पटेल बने चंदौली के नए एसपी, आदित्य लांघे का तबादला
27 आईपीएस अधिकारियों के तबादले में बड़ा फेरबदल, तेज-तर्रार छवि वाले आकाश पटेल को मिली जिम्मेदारी

रिपोर्ट: गणपत राय
चंदौली। शासन स्तर पर हुए बड़े प्रशासनिक फेरबदल के तहत 27 आईपीएस अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। इसी क्रम में गोमती जोन में अपर पुलिस उपायुक्त के पद पर तैनात आकाश पटेल को चंदौली का नया पुलिस अधीक्षक (एसपी) नियुक्त किया गया है।
आकाश पटेल वर्तमान में पुलिस उपायुक्त (अपराध) का अतिरिक्त प्रभार भी संभाल रहे थे। उनकी कार्यशैली को तेज-तर्रार और प्रभावी माना जाता है। इससे पहले वे राज्यपाल के ओएसडी के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
वहीं, चंदौली के वर्तमान एसपी आदित्य लांघे का तबादला फिरोजाबाद जिले में एसपी के पद पर किया गया है। उनके कार्यकाल के दौरान जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने और अपराध नियंत्रण के लिए कई अहम कदम उठाए गए, जिसकी सराहना भी हुई।
नए एसपी के रूप में आकाश पटेल की नियुक्ति से जिले में पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने की उम्मीद जताई जा रही है।



