अयोध्या में चमके चंदौली के नन्हे खिलाड़ी, राज्य स्तरीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता में जीते 16 पदक
कंपोजिट विद्यालय रैपुरा के छात्र-छात्राओं ने ताइक्वांडो में दिखाया दम, 2 स्वर्ण, 1 रजत और 13 कांस्य पदक किए अपने नाम
रिपोर्ट: लारेंस सिंह
चंदौली। अयोध्या में आयोजित 36वीं राज्य स्तरीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता में चंदौली जनपद के नन्हे खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया है। सकलडीहा विकासखंड स्थित कंपोजिट विद्यालय रैपुरा के छात्र-छात्राओं ने ताइक्वांडो के विभिन्न भार वर्गों में दमदार प्रदर्शन करते हुए कुल 16 पदक अपने नाम किए, जिनमें 2 स्वर्ण, 1 रजत और 13 कांस्य पदक शामिल हैं।
यह प्रतियोगिता अयोध्या स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर संकुल, डाभा सेमर में आयोजित की गई थी। वाराणसी मंडल का प्रतिनिधित्व करते हुए चंदौली के खिलाड़ियों ने कड़े मुकाबलों में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। प्रतियोगिता का शुभारंभ प्रदेश के बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह द्वारा किया गया।
विजेताओं की सूची:
स्वर्ण पदक जीतने वालों में राजन (38-40 किग्रा) और अंकित (32-35 किग्रा) शामिल हैं। वहीं बालिका वर्ग में रोशनी (41+ किग्रा) और आँचल (29-32 किग्रा) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल किया।
कांस्य पदक जीतने वाले बालक वर्ग में आलोक कनौजिया, रतन पाल, रजनीश कुशवाहा, पीयूष यादव और रीतेश शामिल हैं। वहीं बालिका वर्ग में राजलक्ष्मी, अन्नू और सृष्टि यादव ने कांस्य पदक जीतकर जिले का मान बढ़ाया।
बच्चों की इस उल्लेखनीय सफलता पर कंपोजिट विद्यालय रैपुरा के प्रधानाचार्य देवेंद्र यादव ने खुशी जताई। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों में अपार प्रतिभा छिपी होती है। यदि उन्हें सही मार्गदर्शन और बेहतर संसाधन मिलें तो वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी देश का नाम रोशन कर सकते हैं।
इस उपलब्धि के दौरान डॉ. देवेंद्र प्रताप सिंह, जिला व्यायाम शिक्षक विवेकानंद दूबे, सुधीर सिंह, मनोज कुमार पाण्डेय सहित अन्य शिक्षकों ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। इस बड़ी सफलता से विद्यालय और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।



