अमरवीर इंटर कॉलेज धानापुर की प्रबंध समिति का चुनाव सम्पन्न, डॉ. विशाल सिंह निर्विरोध प्रबंधक चुने गए
शांतिपूर्ण माहौल में पूरी हुई चुनाव प्रक्रिया, सदस्यों ने दी बधाई और संस्था के विकास की जताई उम्मीद

रिपोर्ट: अवधेश राय
चंदौली। धानापुर स्थित अमरवीर इंटर कॉलेज की प्रबंध समिति के चुनाव की प्रक्रिया रविवार को शांतिपूर्ण माहौल में सम्पन्न हो गई। निर्धारित कार्यक्रम के तहत फर्म समिति कार्यालय में सुबह 10 बजे से निर्वाचन की कार्यवाही शुरू हुई, जिसमें नामांकन सहित सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की गईं।
निर्वाचन प्रक्रिया का संचालन निर्वाचन अधिकारी रविन्द्र नारायण सिंह (अधिवक्ता) द्वारा किया गया। वहीं पूरी प्रक्रिया पर्यवेक्षक के रूप में उपस्थित पूनम सिंह, प्रधानाचार्या राजकीय बालिका हाई स्कूल दैथा बरहनी, जनपद चंदौली की निगरानी में सम्पन्न कराई गई।
निर्वाचन अधिवेशन में नंदलाल सिंह, धर्मदेव सिंह, जनार्दन सिंह, विश्वनाथ सिंह, श्याम बिहारी सिंह, प्रभु नारायण सिंह, हरी पांडेय, सर्वानंद सिंह, विजय प्रताप सिंह, गंगाधर तिवारी, जंगबहादुर सिंह तथा डॉ. विशाल सिंह समेत कई सदस्य मौजूद रहे।
विद्यालय की प्रबंधन योजना में वर्णित विभिन्न पदों के लिए सोसायटी की नियमावली के अनुसार नामांकन प्रक्रिया शुरू की गई। सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद सर्वसम्मति से डॉ. विशाल सिंह को संस्था का प्रबंधक (मैनेजर) निर्विरोध चुन लिया गया।
डॉ. विशाल सिंह के निर्विरोध चयन पर उपस्थित सदस्यों ने उन्हें बधाई दी और उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में संस्था के विकास के साथ-साथ शैक्षणिक गतिविधियों को और मजबूती मिलेगी। इस दौरान निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि पूरी चुनाव प्रक्रिया संस्था की नियमावली के अनुसार पूरी पारदर्शिता के साथ सम्पन्न कराई गई।



