अमड़ा गांव में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी रामनरेश सिंह की 38वीं पुण्यतिथि मनाई गई
सांसद वीरेंद्र सिंह ने जताया श्रद्धा-सुमन, स्वास्थ्य, शिक्षा और विकास में उनके योगदान को याद किया

रिपोर्ट: अवधेश राय
धीना, अमड़ा। शनिवार की शाम अमड़ा गांव में रामनरेश मेमोरियल के अध्यक्ष चंद्रिका सिंह के नेतृत्व में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय रामनरेश सिंह की 38वीं पुण्यतिथि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि सांसद वीरेंद्र सिंह, विशिष्ट अतिथि पूर्व सदस्य विधान परिषद अरविंद सिंह और प्रोफेसर रमाकांत सिंह ने तैल चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ की।
मुख्य अतिथि सांसद वीरेंद्र सिंह ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की धरोहर को संजोकर रखना हमारी ज़िम्मेदारी है। अमड़ा गांव में जन्मे रामनरेश सिंह ने क्षेत्र के लोगों के लिए स्वास्थ्य, शिक्षा, बिजली और विकास के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
पूर्व सदस्य विधान परिषद अरविंद सिंह ने बताया कि रामनरेश सिंह ने 1970 के दशक में अमड़ा में 25-बेड का संयुक्त अस्पताल, राजकीय पशु अस्पताल, विद्युत उपकेंद्र, सिंचाई विभाग का डाक बंगला और कई सरकारी संस्थाओं की स्थापना कर क्षेत्र की सेवा की।
इस अवसर पर अध्यक्ष चंद्रिका सिंह, सपा जिलाध्यक्ष सत्यनारायण राजभर, प्रोफेसर सतीश कुमार राय, प्रोफेसर मनोज सिंह, कांग्रेस जिलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी समेत अनेक विद्वान और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन प्राचार्य डॉ. समर बहादुर सिंह और अध्यक्षता प्रोफेसर रमाकांत सिंह ने की।
रामनरेश सिंह का जीवन चरित्र और उनके क्षेत्रीय योगदान को याद करते हुए सभी ने उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किए और उनकी सामाजिक एवं राष्ट्रीय सेवा की सराहना की।



